नागरिक अभिव्यक्ति । झालावाड़
राजस्थान पुलिस के अतिरिक्त महानिदेशक (प्रशिक्षण) एच.जी.आर. सुहास ने मंगलवार को झालावाड़ जिले का एक दिवसीय दौरा किया। पुलिस लाइन पहुंचने पर उन्होंने अपने पूर्व कार्यकाल के दौरान वर्ष 2006 और 2007 में भर्ती हुए कांस्टेबलों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों की समस्याएं और सुझाव सुने तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि सुहास 1 जुलाई 2005 से 9 अप्रैल 2007 तक झालावाड़ में पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत रहे थे। संवाद के दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ मधुर व्यवहार रखने, कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान रहने और पुलिस के प्रति जनता का विश्वास मजबूत करने की सीख दी। उन्होंने अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने पर भी जोर दिया।
एडीजी ने अपने कार्यकाल में पुलिस लाइन में निर्मित भवन ‘द डेन’ सहित अन्य भवनों का निरीक्षण किया। उन्होंने भवनों की स्थिति और रखरखाव का जायजा लेते हुए अधिकारियों को स्वच्छता और उचित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्होंने जिला पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की। साथ ही कानून-व्यवस्था मजबूत करने और आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान प्रशिक्षु आईपीएस आयुष श्रोत्रिय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शोराजमल मीणा, साइबर क्राइम उप अधीक्षक रश्मिबाई मीना, संचित निरीक्षक विष्णु सिंह तथा कोतवाली झालावाड़, झालरापाटन, सदर झालावाड़ और रायपुर थानों के थानाधिकारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
