कोटा। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने दीपावली पर मंगलवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के देवली, सांगोद और बपावर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बाजारों में व्यापारियों और आमजन से मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। ग्रामीण क्षेत्रों में रामा-श्यामी कर वरिष्ठजनों का आशीर्वाद लिया और लोगों की समस्याएं भी सुनीं।
नागर ने सांगोद के मुख्य बाजारों में पैदल भ्रमण किया। इस दौरान दुकानदारों, व्यापारियों और नागरिकों से आत्मीय मुलाकात की। स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द और खुशहाली का संदेश देता है। जनसेवा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और उनका प्रयास है कि क्षेत्र के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचे।
देवली में ऊर्जा मंत्री ने कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। बिजली, पानी और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऊर्जा विभाग का प्रयास है कि प्रदेश के प्रत्येक घर तक निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो।
बपावर में नागर ने ग्रामीणों के साथ पारंपरिक रामा-श्यामी की और जनसुनवाई कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के मार्गदर्शन में क्षेत्र में विकास कार्य किए जा रहे हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य हर वर्ग तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना और आमजन के जीवन में खुशहाली लाना है।
