नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
श्री हितकारी विद्यालय सहकारी शिक्षा समिति लिमिटेड की वार्षिक आमसभा 18 अक्टूबर को दोपहर 12:15 बजे झालावाड़ रोड स्थित माहेश्वरी भवन में आयोजित होगी। समिति अध्यक्ष सूरज बिरला ने बताया कि आमसभा में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि होंगे। इस दौरान 70 वर्ष से अधिक आयु के 69 वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान किया जाएगा।
आमसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए सदस्यों को 9 प्रतिशत लाभांश और 16 प्रतिशत प्रोत्साहन राशि देने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जाएगा। बैठक में समिति के सदस्यों से जुड़े विषयों और वित्तीय गतिविधियों पर चर्चा होगी।
संस्था के अनुसार समिति से वर्तमान में 8,256 सदस्य जुड़े हुए हैं। समिति में 149.81 करोड़ रुपए की मियादी अमानतें जमा हैं, जबकि सदस्यों को 58.74 करोड़ रुपए का ऋण वितरित किया गया है। वार्षिक आमसभा में वरिष्ठ सदस्यों के सम्मान के साथ समिति की वित्तीय गतिविधियां और सदस्यों को लाभ देने से जुड़े प्रस्ताव प्रमुख रहेंगे।
