नागरिक अभिव्यक्ति | इटावा
ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में बुधवार को उपखंड अधिकारी दामोदर सिंह की अध्यक्षता में ब्लॉक स्तरीय मासिक बैठक हुई। इसमें क्षेत्र की चिकित्सा संस्थाओं में संचालित स्वास्थ्य योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में अनुपस्थित मिले अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमानुसार नोटिस जारी किए गए।
एसडीएम सिंह ने चिकित्सा संस्थानों में आने वाले मरीजों और गर्भवती महिलाओं को समय पर जांच एवं बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों और उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की जरूरी जांच और उपचार कराने तथा आवश्यकता होने पर उन्हें उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर करने के निर्देश दिए। 104 एम्बुलेंस से रेफर की जाने वाली गर्भवती महिलाओं के साथ जरूरत के अनुसार एएनएम और आशा सहयोगिनी को भेजने के लिए भी कहा।
बैठक में कोटा से आए एपिडेमियोलॉजिस्ट विनोद ने ब्लॉक क्षेत्र में मौसमी बीमारियों की स्थिति की समीक्षा की। स्क्रब टायफस के मामलों को देखते हुए संबंधित गांवों में सर्वे कराने के निर्देश दिए गए। जरूरत के अनुसार पशुपालन विभाग से समन्वय कर साइपरमेथ्रिन का छिड़काव कराने और किसी भी बीमारी या असामान्य स्वास्थ्य घटना की सूचना तत्काल चिकित्सा अधिकारी प्रभारी को देने को कहा गया।
एचपीवी टीकाकरण में तेजी के निर्देश
ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयकिशन मीणा ने इटावा ब्लॉक में एचपीवी टीकाकरण की कम प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को अपने-अपने सेक्टर के विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से समन्वय कर 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को टीकाकरण के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। जरूरत पड़ने पर बालिकाओं को नजदीकी उच्च चिकित्सा संस्थान तक ले जाकर टीकाकरण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में परिवार कल्याण, आरसीएच, लाडो योजना, जननी सुरक्षा योजना और मां वाउचर योजना की भी समीक्षा हुई। अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर संबंधित कार्मिकों को कार्ययोजना बनाकर लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए। भारत सरकार के आईएचआईपी पोर्टल पर एसएलपी रिपोर्टिंग समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से करने के लिए भी कहा गया।
बैठक में बीसीएमओ डॉ. जयकिशन मीणा, ब्लॉक कार्यक्रम अधिकारी समकित जैन, ब्लॉक नोडल अधिकारी रहीश बाबू, एसटीएलएस अनिल शर्मा, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी विजय कुमार मेहरा, लेखा सहायक सुनील बैरवा, स्टोर प्रभारी पवन शर्मा, नर्सिंग ऑफिसर कमलेश शर्मा सहित चिकित्सा अधिकारी प्रभारी और ब्लॉक कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे।
