इटावा। कई दिनों से उमस भरी गर्मी से परेशान इटावा क्षेत्र के लोगों को गुरुवार दोपहर हुई बारिश से राहत मिली। करीब एक बजे शुरू हुई रिमझिम कुछ ही देर में झमाझम बारिश में बदल गई। लगभग एक घंटे तक तेज बारिश के बाद भी रुक-रुककर बरसात का दौर जारी रहा। ठंडी हवाओं से मौसम सुहावना हो गया।
सुबह तेज धूप और उमस से लोग बेहाल रहे। दोपहर में बादल छाने और हवा चलने के साथ मौसम ने करवट ली। बारिश से सड़कों और गलियों में पानी बह निकला तथा दिनभर की तपिश से राहत मिली।
खेतों में नमी बढ़ी, किसानों को राहत
बारिश ने किसानों की चिंता भी कुछ कम की है। बारिश के अभाव और गर्मी के कारण कई स्थानों पर खरीफ की फसलें मुरझाने लगी थीं। अब खेतों में नमी बढ़ने से सोयाबीन, उड़द और मूंग सहित अन्य फसलों को फायदा मिलने की उम्मीद है।
किसानों का कहना है कि इस बारिश से फसलों को नई जान मिली है। आने वाले दिनों में फसलों की स्थिति में सुधार की उम्मीद जगी है।
