नागरिक अभिव्यक्ति । इटावा
इटावा क्षेत्र में पंचायत राज चुनाव का उत्सव गुरुवार से पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के मतदान के साथ शुरू होगा। चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। क्षेत्र के 160 मतदान केंद्रों पर कुल 1,20,789 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। पंचायत समिति के 23 वार्डों में 74 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि जिला परिषद के पांच सदस्यों के लिए भी मतदान होगा। मतदान के साथ ही प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो जाएगा।
कुल मतदाताओं में 62,941 पुरुष और 57,848 महिला मतदाता शामिल हैं। निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रशासन ने मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। इटावा के रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी दामोदर सिंह ने बताया कि मतदान प्रक्रिया के संचालन के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
208 पोलिंग पार्टियां, 20 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात
प्रशासन ने मतदान के लिए 160 पोलिंग पार्टियों के साथ 48 अतिरिक्त पोलिंग पार्टियों का गठन किया है। इन सभी में एक हजार से अधिक कर्मचारियों की तैनाती रहेगी। इसके अलावा 20 सेक्टर मजिस्ट्रेट और चार अतिरिक्त मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। पोलिंग पार्टियों की आवाजाही और व्यवस्थाओं के लिए ढीपरी, कालीसिंध, गणेशगंज, इटावा और खातोली क्षेत्र में चेक पोस्ट से संबंधित व्यवस्थाएं की गई हैं।
1200 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा की कमान
पंचायत राज चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन ने भी व्यापक इंतजाम किए हैं। इटावा पुलिस वृत्त के अंतर्गत इटावा, खातोली, अयाना और बूढ़ादीत क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात रहेगा। इटावा डीएसपी ओमप्रकाश सरावग ने बताया कि चुनाव के दौरान 1200 से अधिक पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर पुलिस टीम तैनात रहेगी। ग्राम पंचायत मुख्यालयों और सभी थानों पर भी अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध रहेगा।
क्षेत्र में निगरानी के लिए 13 मोबाइल पार्टियों का गठन किया गया है, जो अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखेंगी। इसके साथ ही चार सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। क्षेत्र के 11 मतदान केंद्र संवेदनशील चिह्नित किए गए हैं, जहां विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन और पुलिस का जोर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित मतदान कराने पर है।
