इटावा, कोटा। पंचायत चुनाव के तहत इटावा पंचायत समिति क्षेत्र में गांवों की सरकार चुनने को लेकर मतदाताओं में उत्साह नजर आ रहा है। शनिवार सुबह से ही मतदाता घरों से निकलकर मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे। कई केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखने को मिलीं। सुबह 10 बजे तक क्षेत्र में 14.16 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
इटावा पंचायत समिति क्षेत्र की 42 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 314 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं, 386 वार्ड पंचों में से 122 वार्ड पंच निर्विरोध निर्वाचित घोषित हो चुके हैं। शेष पदों के लिए मतदान प्रक्रिया जारी है।
160 बूथों पर मतदान, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
मतदान के लिए क्षेत्र में 160 बूथ बनाए गए हैं। शांतिपूर्ण और व्यवस्थित मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। क्षेत्र में करीब 1200 पुलिस जवान तैनात हैं, जबकि कई मोबाइल टीमें भी लगातार निगरानी रख रही हैं।
मतपत्रों से मतदान के कारण लग रहा समय
इटावा एसडीएम एवं रिटर्निंग अधिकारी दामोदर सिंह ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर सुबह से शांतिपूर्ण तरीके से मतदान जारी है। इस बार मतपत्रों के माध्यम से मतदान कराया जा रहा है, जिसके कारण मतदान प्रक्रिया में अपेक्षाकृत अधिक समय लग रहा है। प्रशासन की टीमें मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही हैं।
