इटावा। पंचायत राज चुनावों को लेकर पीपल्दा विधानसभा क्षेत्र की इटावा पंचायत समिति में बुधवार को भाजपा कार्यालय का शुभारंभ किया गया। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान लाडपुरा विधायक कल्पना देवी, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा और भाजपा देहात जिलाध्यक्ष प्रेमचंद गोचर सहित पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यालय शुभारंभ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों को लेकर संबोधित किया। कार्यकर्ताओं से पार्टी की ओर से जिसे भी टिकट दिया जाए, उसके पक्ष में एकजुट होकर काम करने और प्रत्याशी को विजय दिलाने का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।
पंचायत राज में भी भाजपा की सरकार बनाने का लक्ष्य
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और राज्य सरकार की ढाई वर्ष की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि पूरे राजस्थान में पंचायत राज चुनावों में बेहतर परिणाम लाने के लिए संगठन पूरी ताकत से काम कर रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य होने की बात कही। साथ ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। नागर ने कहा कि गांवों का विकास भाजपा की प्राथमिकता है और पंचायत राज संस्थाओं में भी पार्टी की मजबूत भागीदारी के लिए कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना होगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी जिसे भी टिकट दे, सभी कार्यकर्ता संकल्प के साथ उसके पक्ष में जुटें। उन्होंने पंचायत राज में भी भाजपा की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
नेताओं ने किया कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन
कार्यक्रम में लाडपुरा विधायक कल्पना देवी, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, भाजपा देहात जिलाध्यक्ष प्रेमचंद गोचर, पूर्व मंत्री रामगोपाल बैरवा, इटावा पंचायत समिति प्रधान रिंकू मीना, नगरपालिका अध्यक्ष निर्मला नागर, इटावा पंचायत समिति चुनाव प्रभारी अशोक मीना, पूर्व विधायक प्रभुलाल वर्मा, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष रजनी सोनी, पूर्व प्रधान विजयशंकर नागर, इटावा भाजपा मंडल अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह और पीपल्दा मंडल अध्यक्ष प्रवीण मीना सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया।
इस दौरान पंचायत राज चुनावों की तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर चर्चा हुई।
जगह-जगह हुआ नेताओं का स्वागत
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा और लाडपुरा विधायक कल्पना देवी के इटावा पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
