नागरिक अभिव्यक्ति । इटावा
इटावा, 18 अक्टूबर। नवरात्रि के अवसर पर इटावा में 501 कन्याओं का सामूहिक पूजन किया गया। सेवा भारती नगर की ओर से मास्टर वीरेन्द्र सिंह लोक कल्याण ट्रस्ट परिसर में आयोजित समारोह में कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर विधि-विधान से पूजा गया। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में कन्याओं के पूजन का दृश्य आकर्षण का केंद्र रहा। आयोजन के माध्यम से नारी सम्मान, सामाजिक समरसता और एकात्मता का संदेश दिया गया।
समारोह सामाजिक कार्यकर्ता सोहन भारती की अध्यक्षता में हुआ। महादेव मठ, कोलाना के महंत चतुर्भुज गिरी महाराज का सान्निध्य रहा, जबकि नगर पालिका अध्यक्ष निर्मला नागर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। सामाजिक कार्यकर्ता गोपाल मीणा, चैनसुख मित्तल और गिरजा शंकर गुप्ता विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सेवा भारती के कोटा विभाग प्रकल्प प्रमुख पवन वैष्णव थे। आयोजन का शुभारंभ अतिथियों ने मां दुर्गा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
इसके बाद कन्या पूजन की शुरुआत हुई। कन्याओं के चरण पखारे गए, उन्हें चुनरी ओढ़ाई गई और मस्तक पर तिलक लगाकर पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद सभी कन्याओं को भोजन कराया गया और उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला सामाजिक आयाम प्रमुख जोधराज मीणा ने किया।
महादेव मठ, कोलाना के महंत चतुर्भुज गिरी महाराज ने आशीर्वचन में कहा कि कन्या पूजन भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण अंग है। कन्याओं में मां दुर्गा का स्वरूप देखकर उनका सम्मान करना समाज में नारी के प्रति आदर और श्रद्धा की भावना को मजबूत करता है।
नगर पालिका अध्यक्ष निर्मला नागर ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि समाज के सहयोग और सहभागिता से इस तरह के कार्यक्रम आयोजित होना सराहनीय है। सेवा भारती सामाजिक और सेवा गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जोड़ने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने, आपसी आत्मीयता बढ़ाने और सामाजिक समरसता मजबूत करने में भूमिका निभाते हैं। समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से सेवा, सद्भाव और सहयोग की भावना को व्यापक बनाया जा सकता है।
मुख्य वक्ता पवन वैष्णव ने सेवा भारती की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगठन सेवा, संस्कार और जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करता है। समाज के प्रति संवेदनशीलता, सेवा भाव और परस्पर सहयोग सामाजिक परिवर्तन के प्रमुख आधार हैं।
कार्यक्रम प्रभारी मुकेश पारेता ने बताया कि नगर के कई गणमान्य नागरिकों ने परिवार सहित समारोह में भाग लिया और कन्याओं का पूजन किया। कार्यक्रम के समापन पर मां दुर्गा की महाआरती हुई। इसके बाद महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसादी ग्रहण की।
इस अवसर पर जिला सह कोषाध्यक्ष मुकेश पारेता, तहसील संगठन मंत्री बद्रीलाल मीणा, जोधराज मीणा, विष्णु गोयल, महावीर नागर, तेजराज सिंह, रिंकू सोनी, दुर्गाशंकर पारेता, विकास पोरवाल, अविनाश बंसल, ममता पारेता, रिंकी सोनी, ललावती नागर, सतीश सोनी, उमाशंकर नागर, मेहुल परिहार, टीकम सोनी, सुनीता पारेता, वंदना सोनी, धनराज पारेता और नगर पालिका उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
