इटावा। नगर पालिका इटावा की ओर से आयोजित सात दिवसीय श्री वीर तेजाजी डोल मेले में सोमवार रात महाकाल भजन संध्या का आयोजन किया गया। प्रसिद्ध भजन गायक नरेश बृजवासी और भजन गायिका वर्षा मीणा खेरदा की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्ति के रंग में सराबोर रखा। भजनों के दौरान पूरा पंडाल जयकारों से गूंजता रहा और श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए।
भजन संध्या का शुभारंभ भजन गायक नरेश बृजवासी ने अपनी टीम के साथ भगवान गणेश की स्तुति से किया। इसके बाद उन्होंने ‘श्री राम जानकी बैठे हैं मेरे सीने’, ‘वीर हनुमाना अति बलवाना’ और भारत का बच्चा-बच्चा जय जय श्री राम बोलेगा’ सहित कई भजनों की प्रस्तुतियां दीं। राम और हनुमान भजनों पर श्रद्धालुओं ने जमकर जयकारे लगाए और भक्ति में झूमते नजर आए।
इसके बाद भजन गायिका वर्षा मीणा खेरदा ने शिव भक्ति से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुतियां दीं। उन्होंने ‘शिव भक्ति में सब है समाया’, ‘है शृंग बाबा मेरे भोले नाथ’, ‘शिव नाम काल हर दुख हर’ और ‘मेरे महाकाल’ सहित अनेक भजन सुनाए। शिव भजनों की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते और भगवान महाकाल के जयकारे लगाते नजर आए।
देर रात तक भक्तिमय रहा माहौल
भजन संध्या के दौरान मेले का पूरा पंडाल भक्तिमय वातावरण में बदल गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में पहुंचे और देर रात तक भजनों का आनंद लिया। जैसे-जैसे भजन संध्या आगे बढ़ी, श्रद्धालुओं का उत्साह भी बढ़ता गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान हर-हर महादेव और जय श्री राम के जयकारों से मेला परिसर
गूंजता रहा।
