जयपुर, 21 अगस्त। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर राजस्थान फोटो फेस्टिवल के तहत जवाहर कला केंद्र की सहभागिता में आयोजित ‘नजर फोटो एवं पेंटिंग एग्जीबिशन’ के पांचवें सीजन का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय प्रदर्शनी 21 से 23 अगस्त तक आयोजित की जा रही है। इसमें राजस्थान की संस्कृति, प्रकृति, वन्यजीवन और जनजीवन के साथ देश-विदेश के विभिन्न स्थानों की चुनिंदा तस्वीरों तथा पेंटिंग्स को प्रदर्शित किया गया है।
प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्य अतिथि महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा ने फीता खोलकर और दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने प्रदर्शनी में लगाई गई तस्वीरों और पेंटिंग्स का अवलोकन किया तथा फोटोग्राफर्स और कलाकारों के रचनात्मक दृष्टिकोण की सराहना की।
डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि फोटोग्राफी केवल तस्वीर खींचने की कला नहीं, बल्कि किसी क्षण, भाव और कहानी को सहेजने का माध्यम है। ऐसी प्रदर्शनियां कलाकारों की रचनात्मकता को सामने लाने के साथ समाज को अलग-अलग नजरिए से देखने का अवसर देती हैं। उन्होंने कहा कि ‘नजर’ प्रदर्शनी में फोटोग्राफी और पेंटिंग का सुंदर संगम देखने को मिल रहा है।
उन्होंने विशेष रूप से प्रकृति और वन्यजीवन से जुड़ी तस्वीरों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी तस्वीरें लोगों को पर्यावरण और प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कलाकारों को अपनी रचनात्मकता साझा करने का मंच
रिटायर्ड आईएएस पवन अरोड़ा ने कहा कि ‘नजर’ जैसी प्रदर्शनियां कला और फोटोग्राफी से जुड़े लोगों को अपनी रचनात्मकता साझा करने का बेहतरीन मंच उपलब्ध कराती हैं। तस्वीरों में केवल दृश्य नहीं, बल्कि फोटोग्राफर की सोच, संवेदना और उस क्षण को देखने का नजरिया भी दिखाई देता है। फोटोग्राफी के साथ पेंटिंग को शामिल करने से प्रदर्शनी और खास बन गई है।
आयोजक रेणुका कुमावत, संजय कुमावत, अदिति अग्रवाल और डॉली अग्रवाल सहित अन्य ने अतिथियों का स्वागत किया तथा प्रदर्शनी में प्रदर्शित तस्वीरों और पेंटिंग्स की विषयवस्तु की जानकारी दी।
वन्यजीवन की तस्वीरों ने खींचा ध्यान
प्रदर्शनी में आईएएस डॉ. जितेंद्र सोनी, आईएफएस अरिजीत बनर्जी, पुलिस मुख्यालय के अतिरिक्त निदेशक (प्रचार) एवं वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर डॉ. कमलेश शर्मा सहित कई फोटोग्राफर्स की वन्यजीवन और विभिन्न विषयों पर आधारित तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं।
इसके अलावा जयपुर और राजस्थान के जाने-माने फोटो जर्नलिस्ट, वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर, प्रशासनिक अधिकारी, चिकित्सक, विद्यार्थी और पेंटिंग आर्टिस्ट भी अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के साथ प्रदर्शनी में शामिल हुए हैं।
दिनभर लगा रहा दर्शकों का तांता
प्रदर्शनी देखने के लिए विशिष्ट अतिथियों के साथ बड़ी संख्या में शहरवासी और कलाप्रेमी पहुंचे। आईएएस शुचि त्यागी, पवन गोयल, अर्चना सुराणा, डॉ. विवेक शर्मा, जे.डी. माहेश्वरी, दीपेंद्र राणा, सुधीर माथुर, अनूप श्रीवास्तव, आनंद पोद्दार, नरेंद्र रावत और अनुपमा सोनी सहित कई लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर कलाकारों के प्रयासों की सराहना की।
आयोजक रेणुका कुमावत ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य फोटोग्राफर्स, फोटो जर्नलिस्ट और पेंटिंग आर्टिस्ट को एक साझा मंच उपलब्ध कराना तथा आमजन को कला और फोटोग्राफी की विविध विधाओं से रूबरू कराना है।
प्रदर्शनी में प्रवेश निःशुल्क है। तीनों दिन दर्शकों के लिए विभिन्न गतिविधियों के साथ इनाम जीतने के अवसर भी उपलब्ध रहेंगे।
