कोटा। देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई-मेन 2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के अनुसार अब तक करीब 7 लाख विद्यार्थी रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं, लेकिन इनमें से 4.90 लाख ने ही परीक्षा शुल्क जमा कराया है। यानी करीब 2.10 लाख विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन फीस जमा नहीं होने के कारण अधूरा है। आवेदन की अंतिम तारीख 22 नवंबर निर्धारित की गई है।
करियर काउंसलिंग एक्सपर्ट अमित आहूजा ने बताया कि पहली बार बड़ी संख्या में विद्यार्थी रजिस्ट्रेशन करने के बाद परीक्षा शुल्क जमा नहीं करा रहे हैं। इसके पीछे इस साल आवेदन प्रक्रिया में किए गए बदलाव भी एक कारण हो सकते हैं।
गलती होने पर नए सिरे से आवेदन का विकल्प
आहूजा के अनुसार, एनटीए ने पहली बार विद्यार्थियों को रजिस्ट्रेशन पूरा करने के बाद आवेदन में गलती होने पर नया आवेदन करने का विकल्प दिया है। ऐसे में नाम, माता-पिता के नाम, शैक्षणिक विवरण, फोटो, परीक्षा का माध्यम और कैटेगरी संबंधी जानकारी में गलती होने पर विद्यार्थी शुल्क जमा करने के बजाय नए सिरे से रजिस्ट्रेशन कर रहे हो सकते हैं।
एनआरआई-ओसीआई विद्यार्थियों को पासपोर्ट से आवेदन
जेईई-मेन में हर साल बड़ी संख्या में एनआरआई और ओसीआई विद्यार्थी भी शामिल होते हैं। पहले आवेदन के लिए आधार, पैन और ड्राइविंग लाइसेंस जैसे पहचान पत्रों के जरिए डिजिलॉकर से सत्यापन की सुविधा थी। प्रवासी परिवारों के कई विद्यार्थियों के पास ये दस्तावेज उपलब्ध नहीं होते। ऐसे विद्यार्थियों की मांग पर एनटीए ने अब पासपोर्ट के माध्यम से आवेदन करने का विकल्प भी उपलब्ध कराया है। इसके लिए अलग वेब लिंक जारी किया गया है।
