नागरिक अभिव्यक्ति @ कोटा
कोटा। देश की प्रमुख इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं में शामिल जेईई-मेन 2027 के जनवरी सत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से जारी सूचना के अनुसार, विद्यार्थी 22 नवंबर तक बिना विलंब शुल्क आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद 23 से 26 नवंबर तक विलंब शुल्क के साथ आवेदन का अवसर मिलेगा। परीक्षा जनवरी 2027 में आयोजित होगी। विद्यार्थी आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर आवेदन और सूचना बुलेटिन देख सकते हैं।
एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा के अनुसार, लगातार तीसरे साल भी जेईई-मेन के परीक्षा पैटर्न, मार्किंग पैटर्न, सिलेबस और टाई-ब्रेकिंग नियमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। हालांकि, तीनों विषयों के सिलेबस को यूनिट में बांटने के मामले में एकरूपता नहीं है। गणित के सिलेबस में 14 यूनिट हैं, जबकि फिजिक्स और केमिस्ट्री के सिलेबस को 20-20 यूनिट में विभाजित किया गया है।
टाई-ब्रेकिंग में एप्लीकेशन नंबर की भूमिका नहीं
देव शर्मा ने बताया कि टाई-ब्रेकिंग नियमों में इस बार भी एप्लीकेशन नंबर को कोई महत्व नहीं दिया गया है। ऐसे में विद्यार्थियों को आवेदन प्रक्रिया पूरी करने में जल्दबाजी करने की जरूरत नहीं है। पहले समान अंक होने की स्थिति में कम एप्लीकेशन नंबर वाले विद्यार्थियों को बेहतर ऑल इंडिया रैंक मिलने का लाभ मिलता था। अब यह व्यवस्था समाप्त हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि जेईई-मेन 2024 तक लागू पुराने नियमों में टाई होने पर एप्लीकेशन नंबर के आधार पर रैंक प्रभावित हो सकती थी। वर्तमान व्यवस्था में विद्यार्थियों को आवेदन पहले या बाद में भरने के बजाय फॉर्म में दी गई जानकारी की शुद्धता पर ध्यान देना चाहिए।
जनवरी में छह दिन होगी परीक्षा
एनटीए के कार्यक्रम के अनुसार, जेईई-मेन 2027 का पहला सत्र 20, 21, 22, 23, 24 और 28 जनवरी को आयोजित किया जाना है। परीक्षा कंप्यूटर आधारित होगी और अलग-अलग शिफ्ट में कराई जाएगी।
देव शर्मा के अनुसार, आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को फॉर्म भरने से पहले सूचना बुलेटिन में दिए गए दिशा-निर्देश, पात्रता और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी ध्यान से पढ़ लेनी चाहिए। आवेदन में गलत जानकारी भरने या जल्दबाजी में विवरण दर्ज करने से बचना जरूरी है। विद्यार्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन और शुल्क भुगतान की प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए।
