नागरिक अभिव्यक्ति । झालावाड़
झालावाड़ जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए असनावर थाना पुलिस ने 313 ग्राम स्मैक जब्त कर मध्यप्रदेश निवासी 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, जब्त स्मैक की कीमत करीब 65 लाख रुपए आंकी गई है। कार्रवाई 18 अक्टूबर को जिला स्पेशल टीम से मिली सूचना के आधार पर राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर डग-अकलेरा-झालावाड़ मार्ग पर आंडिया भील तिराहे के पास की गई।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और संगठित अपराध पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा के निर्देशन, पुलिस उप अधीक्षक अकलेरा मनोज कुमार सोनी के सुपरविजन तथा असनावर थानाधिकारी रमेशचंद मेरोठा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान तूफान सिंह पुत्र बरतीलाल, निवासी आलमड़िया, थाना भोजपुर, जिला राजगढ़, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 313 ग्राम अवैध स्मैक बरामद कर जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब स्मैक की खरीद-फरोख्त, उसके स्रोत और तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। कार्रवाई में जिला स्पेशल टीम का भी सहयोग रहा।
पुलिस टीम में असनावर थानाधिकारी रमेशचंद मेरोठा सहित हेड कांस्टेबल हेड़दानित तथा कांस्टेबल तेजकरण, सत्येंद्र सिंह और सुरेश कुमार परेवा शामिल रहे। जिला स्पेशल टीम के सदस्यों ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।
