झालावाड़। जिला पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अकलेरा में कार्रवाई करते हुए 44.805 किलोग्राम अफीम निर्मित डोडा चूरा बरामद किया है।
पुलिस ने तस्करी के आरोप में एक पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मादक पदार्थ के साथ एक कार, मोबाइल फोन और 1000 रुपए भी जब्त किए गए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि अपराध नियंत्रण और अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त, परिवहन, निर्माण एवं खपत पर अंकुश लगाने के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिला स्पेशल टीम और थाना स्तर पर गठित टीमों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नागयन्द मीणा के निर्देशन और वृत्त अकलेरा के पुलिस उपाधीक्षक मनोज कुमार सोनी के सुपरविजन में थानाधिकारी अकलेरा धर्माराम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम प्रभारी उप निरीक्षक राधेश्याम सुमन ने 17 सितंबर 2026 को अकलेरा थाना के सामने एनएच-52 पर नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान कस्बा अकलेरा की ओर से आ रही एक कार को रुकवाया गया। कार में सवार पुरुष और महिला की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी में 44.805 किलो डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने कार, मोबाइल और 1000 रुपए भी जब्त किए।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गणपत भून (42) निवासी कात्यासनी, थाना डांगियावास, जोधपुर ग्रामीण और संतोष देवी (40) निवासी खांगटा, थाना पीपाड़ सिटी, जोधपुर ग्रामीण के रूप में की है।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त, खपत और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार जब्त डोडा चूरा की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 6.72 लाख रुपए आंकी गई है।
