झालावाड़। पुराने सिक्के लाखों रुपए में खरीदने का झांसा, फिर रजिस्ट्रेशन और अन्य बहानों से लगातार वसूली। पैसे वापस मांगने पर एआई से तैयार पुलिस पिटाई के वीडियो, फर्जी नोटिस और बेटे को गंभीर केस में फंसाने की धमकी। साइबर ठगों के इसी सुनियोजित जाल और कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर झालावाड़ की 56 वर्षीय महिला मधुबाला ठाकुर ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बिहार में दबिश देकर अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दो बालक और एक बालिका सहित तीन विधि से संघर्षरत किशोरों को भी निरुद्ध किया गया है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के अनुसार मृतका की पुत्री कल्पना ठाकुर ने 1 नवंबर 2026 को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दी थी। इसके बाद आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मोबाइल फोन के तकनीकी विश्लेषण और बैंक खातों की पड़ताल में ठगी के तार बिहार से जुड़े मिले। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा के निर्देशन में एसआईटी गठित की गई। सीडीआर, बैंक ट्रांजेक्शन और यूपीआई भुगतान की जांच के बाद आरोपियों की पहचान की गई।
एआई से बनाए फर्जी वीडियो और पुलिस नोटिस
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह सोशल मीडिया पर 'RJGYANI OLD COIN COMPANY' के नाम से पुराने सिक्के और नोट लाखों रुपए में खरीदने के विज्ञापन प्रसारित करता था। इसी झांसे में महिला से संपर्क किया गया। शुरुआत में छोटी रकम लेने के बाद अलग-अलग बहाने बनाकर लगातार पैसे मांगे गए। महिला ने कर्ज में डूबने और आगे भुगतान करने में असमर्थता जताई तो आरोपियों ने ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी।
आरोपियों ने महिला के व्हाट्सएप पर एआई से तैयार करीब 30 सेकंड का वीडियो भेजा, जिसमें पुलिसकर्मी एक युवक की पिटाई करते दिखाई दे रहे थे। साथ में वॉयस मैसेज भेजकर पुलिस कार्रवाई की धमकी दी गई। इसके बाद घर पैसे लौटाने आने और रास्ते में कार दुर्घटना होने की झूठी कहानी गढ़ी गई। दुर्घटनाग्रस्त कार, घायल व्यक्ति और अस्पताल के फर्जी बिल भेजकर इलाज के नाम पर भी पैसे वसूले गए।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने झालावाड़ पुलिस थाने का एआई से तैयार फर्जी फोटो भी भेजा, जिसमें महिला पुलिसकर्मियों के सामने 500 रुपए के नोटों की गड्डियां रखी दिखाई गई थीं। दिल्ली पुलिस के फर्जी लेटरहेड पर नोटिस बनाकर महिला का नाम, पता और फोटो लगाई गई। इसमें 5.50 लाख रुपए जब्त होने का झूठा दावा किया गया। बेटे को गंभीर केस में फंसाने और उसकी जान खतरे में पड़ने की धमकियों से महिला पर मानसिक दबाव बनाया गया।
बैंक खातों में मिले दर्जनों ट्रांजेक्शन
एसआईटी की जांच में महिला के एचडीएफसी और एसबीआई बैंक खातों से विभिन्न बैंक खातों और यूपीआई क्यूआर कोड के जरिए रकम ट्रांसफर होने की पुष्टि हुई। पुलिस के मुताबिक रंजू देवी के पीएनबी खाते में 64 ट्रांजेक्शन के जरिए 2,36,715 रुपए, सतीश कुमार के एसबीआई खाते में 24 ट्रांजेक्शन से 1,03,481 रुपए और मंजू देवी के एसबीआई खाते में 12 ट्रांजेक्शन से 36,501 रुपए भेजे गए। खुशबू कुमारी के आईपीपीबी खाते में भी 43,162 रुपए के ट्रांजेक्शन सामने आए हैं। पुलिस अन्य लेन-देन का भी विश्लेषण कर रही है।
राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर खातों की जांच में सतीश कुमार के खाते के खिलाफ पहले से 13, मंजू देवी के खाते के खिलाफ 9 और रंजू देवी के खाते के खिलाफ 2 साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज मिलीं। इससे गिरोह की अन्य वारदातों में संलिप्तता की आशंका भी सामने आई है।
1500 किलोमीटर दूर बिहार में दबिश
आरोपियों की पहचान के बाद झालावाड़ पुलिस की तीन विशेष टीमें थानाधिकारी हरिसिंह, मोहनलाल और रोहित कुमार के नेतृत्व में बिहार रवाना की गईं। सहरसा, मधेपुरा और खगड़िया जिला पुलिस के सहयोग से 6 नवंबर को अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में अजीत यादव, सतीश कुमार, रंजू देवी, मंजू देवी, आरती कुमारी और खुशबू कुमारी शामिल हैं। इनके साथ दो बालक और एक बालिका को भी निरुद्ध किया गया।
सभी आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर झालावाड़ लाया गया। तीनों किशोरों को बाल संप्रेषण गृह में दाखिल कराया गया, जबकि छह आरोपियों को न्यायालय में पेश कर तीन दिन की पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के अनुसार महिला को व्हाट्सएप कॉल और वॉयस नोट के जरिए धमकाने में मुख्य आरोपी अजीत यादव तथा दो नाबालिगों की भूमिका सामने आई है। अपराध में इस्तेमाल मोबाइल डिवाइस भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि पुराने सिक्के और नोट लाखों में खरीदने के सोशल मीडिया विज्ञापनों पर भरोसा नहीं करें। रजिस्ट्रेशन, जीएसटी, कुरियर या आरबीआई अप्रूवल के नाम पर अग्रिम भुगतान न करें। पुलिस, सीबीआई या अन्य एजेंसियां व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर डिजिटल गिरफ्तारी नहीं करतीं और न ही ऑनलाइन पैसे मांगती हैं। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
