नागरिक अभिव्यक्ति @ झालावाड़
मनोहरथाना क्षेत्र में अवैध खैर की लकड़ी के भंडारण और छिलाई की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी रामकिशन पुत्र गुलाबचन्द तंवर (55) हरिपुरा गांव, थाना दांगीपुरा का निवासी है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि 21 सितंबर को वन रेंज मनोहरथाना की टीम को हरिपुरा गांव के नजदीक अवैध रूप से खैर की लकड़ी का भंडारण और छिलाई किए जाने की सूचना मिली थी। इस पर वन विभाग की टीम मौके पर कार्रवाई करने पहुंची। आरोप है कि कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद लोगों ने वनकर्मियों पर जानलेवा हमला किया और राजकार्य में बाधा पहुंचाई।
घटना के संबंध में मनोहरथाना थाने में प्रकरण संख्या 266/2026 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचन्द्र मीणा के मार्गदर्शन और मनोहरथाना वृत्ताधिकारी कैलाशचन्द्र के सुपरविजन में विशेष टीम गठित की गई।
थानाधिकारी महेन्द्र कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रामकिशन को गिरफ्तार किया। पुलिस अब अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक हेमराज, कांस्टेबल पंकज और सागर भी शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सभी थानाधिकारियों को थाना स्तर पर विशेष टीमें गठित कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
