झालावाड़। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के बालगढ़ में वन विभाग की टीम पर हमला कर अवैध पत्थरों से भरे जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को छुड़ाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में ट्रैक्टर मालिक फरार बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आईपीएस ने बताया कि 17 सितंबर 2026 को वन विभाग की टीम रायपुर-बालगढ़ क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान ग्राम बालगढ़ के पास वन क्षेत्र में लाल रंग का महिंद्रा 275 डीआई ट्रैक्टर ट्रॉली के साथ मिला। ट्रॉली में बिना नंबर के पत्थर भरे हुए थे।
वन विभाग की टीम ने ट्रैक्टर को रुकवाकर चालक से पूछताछ की और नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान ट्रैक्टर मालिक बबलू बंजारा 4-5 अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचा। आरोप है कि आरोपियों ने वन विभाग की टीम के साथ मारपीट कर सरकारी कार्य में बाधा डाली और जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को छुड़ाकर अपने साथ ले गए।
घटना को लेकर सहायक वनपाल एवं नाका प्रभारी झालावाड़ सुरेंद्र सिंह शक्तावत की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया।
विशेष टीम गठित कर आरोपी को पकड़ा
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा के निर्देशन और पुलिस उप अधीक्षक वृत झालावाड़ हर्षराज सिंध के निकटतम सुपरविजन में कोतवाली थानाधिकारी मुकेश कुमार मीणा के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया।
पुलिस टीमों ने आसूचना तंत्र विकसित कर आरोपियों के ठिकानों का पता लगाया। इसके बाद कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर चालक लोभीलाल पुत्र पप्पूलाल, जाति भील, उम्र 22 वर्ष, निवासी छोटी रायपुर, थाना कोतवाली झालावाड़ को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मामले में ट्रैक्टर मालिक बबलू बंजारा फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और पुलिस ने उस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।
पुलिस टीम में ये अधिकारी शामिल
कार्रवाई करने वाली कोतवाली पुलिस टीम में थानाधिकारी मुकेश कुमार मीणा, सहायक उप निरीक्षक भूपेंद्र दांगी, कांस्टेबल अनिल मेचू और कांस्टेबल दिलराज सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
