नागरिक अभिव्यक्ति । झालावाड़
झालावाड़ जिले के भवानीमंडी थाना क्षेत्र में हत्या की साजिश की जांच के दौरान नाबालिग किशोरी की खरीद-फरोख्त, जबरन बाल विवाह और प्रताड़ना का मामला सामने आया है। पुलिस ने किशोरी के पिता रमेश, बिचौलिये दिनेश और कथित पति विजय को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, विवाह के नाम पर 17 वर्षीय किशोरी का चार लाख रुपए में सौदा किया गया था।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि 14 अक्टूबर को मिले गोपनीय परिवाद में एक युवक ने सोशल मीडिया चैट के जरिए कथित हत्या की योजना की जानकारी दी थी। शिकायतकर्ता के संकोच के बावजूद पुलिस ने गंभीरता को देखते हुए स्वयं मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी और मैदानी सूचना के आधार पर 16 अक्टूबर को किशोरी को दस्तयाब कर सखी वन स्टॉप सेंटर में सुरक्षित पहुंचाया गया।
न्यायालय में दिए गए बयानों और जांच में सामने आया कि किशोरी की उम्र विवाह के समय 18 वर्ष से कम थी। पुलिस के मुताबिक, उसे कथित पति के साथ रहने के लिए दबाव डाला गया और स्टाम्प पर उसकी आवाजाही पर पाबंदियों से जुड़ी शर्तें लिखवाई गईं। मामले में मानव तस्करी, शोषण और बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम से संबंधित प्रावधान जोड़कर जांच की जा रही है।
