झालावाड़। पूर्व विधायक कंवरलाल मीणा की सजा माफी और नरेश मीणा की रिहाई की मांग को लेकर गुरुवार को मीणा समाज के लोगों ने मिनी सचिवालय पर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष बंशीलाल मीणा के नेतृत्व में जिलेभर से बड़ी संख्या में समाज के लोग पहुंचे और नारेबाजी करते हुए दोनों नेताओं को राहत देने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के बाद समाज का प्रति निधि मंडल कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ से मिला और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर दोनों मामलों में निष्पक्ष जांच और न्यायोचित कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन से सिटी फोरलेन पर यातायात प्रभावित
मीणा समाज के लोग मिनी सचिवालय के बाहर एकत्र हुए। प्रदर्शन के दौरान सिटी फोरलेन की एक साइड पर यातायात बाधित हो गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने ट्रैफिक को फोरलेन की दूसरी साइड से डायवर्ट किया।
प्रदर्शनकारियों ने पूर्व विधायक कंवरलाल मीणा की सजा माफ करने और नरेश मीणा को जल्द रिहा करने की मांग की।
⚖️ कंवरलाल मीणा की दया याचिका पर जल्द निर्णय की मांग
समाज के प्रतिनिधियों ने ज्ञापन में पूर्व विधायक कंवरलाल मीणा की दया याचिका पर तत्काल निर्णय लेने की मांग की। समाज के अनुसार अकलेरा निवासी कंवरलाल मीणा आदिवासी मीणा समाज से आते हैं और करीब 25 साल पुराने आंदोलन से जुड़े मामले में उन्हें सजा हुई है।
समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि कंवरलाल मीणा करीब 19 माह से जेल में हैं। ज्ञापन में उनके राजनीतिक, सामाजिक और आदिवासी समाज से जुड़े योगदान का भी उल्लेख किया गया।
नरेश मीणा की रिहाई की भी मांग
प्रदर्शन के दौरान नरेश मीणा की जल्द रिहाई की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। मीणा समाज सेवा समिति के प्रतिनिधि भरत मीणा ने नरेश मीणा के खिलाफ दर्ज एफआईआर को राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताया।
समाज के प्रतिनिधियों ने संबंधित मामलों की उच्च स्तर पर निष्पक्ष जांच कराने और कानून के अनुसार न्यायोचित कार्रवाई की मांग की।
15 दिन का अल्टीमेटम
प्रदर्शनकारियों ने सरकार और प्रशासन को 15 दिन का समय देते हुए चेतावनी दी कि यदि इस अवधि में उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशभर में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि आंदोलन को फिलहाल शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।
प्रमुख मांगें
- कंवरलाल मीणा की दया याचिका पर जल्द निर्णय
- पूर्व विधायक की सजा माफी की मांग
- नरेश मीणा की शीघ्र रिहाई
- संबंधित मामलों की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच
- दोनों मामलों में न्यायोचित कार्रवाई
प्रदर्शन के दौरान बबलू मीणा, बलराम मीणा, अनिल मीणा, कुंदन मीणा, शिवराज मीणा, जगदीश मीणा, मोरध्वज मीणा, डॉ. लेखराज मीणा, जुगराज मीणा, दुर्गालाल, द्वारकालाल मीणा, ओमप्रकाश, बिरधीलाल मीणा, श्यामलाल मीणा, राजेंद्र मीणा और राहुल सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।
