कोटा। जेके लोन अस्पताल के ईसीजी टेक्नीशियन सतीश कुमार चांदसी की आत्महत्या के मामले में प्रशासनिक कार्रवाई तेज हो गई है। अस्पताल अधीक्षक डॉ. निर्मला शर्मा को अधीक्षक पद से हटा दिया गया है। इससे पहले मेडिकल कॉलेज प्राचार्य ने डॉ. निर्मला शर्मा सहित नर्सिंग अधीक्षक नवीन शर्मा और मोहनलाल बैरवा को एपीओ किया था। अब डॉ. निर्मला शर्मा को अधीक्षक पद से हटाने का अलग आदेश जारी किया गया है।
गौरतलब है कि ईसीजी टेक्नीशियन सतीश कुमार चांदसी ने आत्महत्या से पहले सुसाइड नोट लिखा था। इसमें उन्होंने लगातार 13 दिन ड्यूटी कराने और नौकरी खराब करने की धमकी देने सहित कई गंभीर आरोप लगाए थे। सुसाइड नोट सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन और संबंधित अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठे थे।
इधर, पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर डॉ. निर्मला शर्मा, नवीन शर्मा और मोहनलाल बैरवा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर जांच जारी है।
