नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
दावत-ए-इस्लामी इंडिया की ओर से कोटा जिले के कैथून में 17 और 18 अक्टूबर को दो दिवसीय इज्तिमा आयोजित किया जाएगा। आयोजन में कोटा संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। इज्तिमा को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और इसी सिलसिले में कैथून स्थित फैजाने मदीना में जिम्मेदारों की बैठक आयोजित कर कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
बैठक में कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ से दावत-ए-इस्लामी से जुड़े जिम्मेदार शामिल हुए। बैठक में इज्तिमा के दौरान होने वाले कार्यक्रमों, व्यवस्थाओं और लोगों की भागीदारी को लेकर विचार-विमर्श किया गया। आयोजकों के अनुसार दो दिन तक धार्मिक एवं इस्लामी विषयों पर तकरीरें, नसीहतें और विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।
इज्तिमा में लोगों को नेकियों को अपनाने, बुराइयों से दूर रहने और पैगम्बर मोहम्मद साहब की शिक्षाओं के अनुसार जीवन जीने का संदेश दिया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों तक दीन की जानकारी पहुंचाने के साथ अच्छे आचरण, आपसी भाईचारे और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देना है।
दावत-ए-इस्लामी के जिम्मेदार मोहम्मद शाहिद ने बताया कि इज्तिमा के माध्यम से समाज में सकारात्मक सोच और नैतिक जीवन के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज को नशे से दूर रखने और नशामुक्त वातावरण तैयार करने पर भी जोर रहेगा।
इज्तिमा को लेकर स्थानीय स्तर पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का काम चल रहा है। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। दो दिवसीय आयोजन में संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले लोगों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं जुटाई जा रही हैं।
