सांगोद (कनवास), कोटा। कनवास उपखंड अधिकारी कार्यालय परिसर में सोमवार को पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला और उसके पिता के साथ मारपीट का मामला सामने आया। आरोप है कि महिला कोर्ट परिसर में शरण लेने पहुंची थी, जहां उसके पति, सास, ससुर और एक अन्य व्यक्ति ने उसे घेरकर मारपीट की। घटना के दौरान मौके पर मौजूद वकीलों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बीच-बचाव कर दोनों को बचाया।
जानकारी के अनुसार शिकू सुमन अपने पिता घनश्याम के साथ बाइक से कनवास कोर्ट परिसर की ओर पहुंची थी। आरोप है कि कार सवार लोगों ने उनका पीछा किया और परिसर में पहुंचने के बाद महिला और उसके पिता के साथ मारपीट की। इस दौरान वहां मौजूद अधिवक्ताओं और अन्य लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों को हमलावरों से बचाया।
कनवास थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि महिला की रिपोर्ट के आधार पर उसके पति परीक्षित सुमन, सास, ससुर और दीपक सुमन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वकीलों ने जताई नाराजगी
घटना के बाद कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कनवास अभिभाषक परिषद के पदाधिकारी और अधिवक्ता SDM कार्यालय पहुंचे। अध्यक्ष महेश मालव और सचिव बद्रीलाल मेरोठा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने SDM बाबूलाल मीणा से मुलाकात की।
अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि बातचीत के दौरान SDM की ओर से अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया गया और उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया गया। इसके बाद नाराज अधिवक्ताओं ने SDM कोर्ट का अनिश्चितकालीन न्यायिक बहिष्कार शुरू करने की घोषणा की।
SDM ने आरोपों को नकारा
वहीं, कनवास SDM बाबूलाल मीणा ने अधिवक्ताओं की ओर से लगाए गए अमर्यादित भाषा के आरोपों को नकार दिया। उन्होंने कहा कि वकीलों की नाराजगी को दूर कर लिया गया है।
घटना के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिवक्ताओं और प्रशासन के बीच विवाद सामने आया है।
