कोटा | नागरिक अभिव्यक्ति। दावत-ए-इस्लामी इंडिया की ओर से 17 और 18 अक्टूबर को कैथून में दो दिवसीय इज्तिमा आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजकों के अनुसार, इज्तिमा में कोटा संभाग सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
इज्तिमा के मीडिया प्रभारी अरशद अंसारी ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को दीन की जानकारी देना और उन्हें नेकियों पर अमल करने, बुराइयों से दूर रहने तथा पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं के अनुसार जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है।
भाईचारे और नैतिक मूल्यों पर रहेगा जोर
आयोजकों ने बताया कि इज्तिमा के माध्यम से समाज में आपसी भाईचारे, अच्छे आचरण और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने का संदेश दिया जाएगा। साथ ही युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा। आयोजकों का उद्देश्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है।
तैयारियों को दिया जा रहा अंतिम रूप
दो दिवसीय आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। आयोजकों ने आमजन से इज्तिमा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने और धार्मिक व नैतिक शिक्षाओं से लाभ लेने की अपील की है।
इस अवसर पर दावत-ए-इस्लामी इंडिया के संभाग अध्यक्ष मोहम्मद शाहिद, कोटा अध्यक्ष अमीन अत्ततारी, वित्तीय जिम्मेदारी संभाल रहे शोयब अली और मोहम्मद आमिर रजा सहित अन्य जिम्मेदार मौजूद रहे।
