खेड़ारामपुर। कैथून थाना क्षेत्र के खेड़ारामपुर गांव स्थित बालाजी बाग मंदिर से हनुमानजी की करीब 100 ग्राम वजनी चांदी की मूर्ति चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से मूर्ति बरामद कर ली गई है। उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
थानाधिकारी मनोज सिकरवार ने बताया कि 16 सितंबर की सुबह मंदिर के पुजारी पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो परिसर में सामान बिखरा मिला। जांच करने पर बालाजी महाराज की चांदी की मूर्ति गायब थी। मंदिर समिति के सदस्य शुभम सैनी ने कैथून थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। फुटेज में 16 सितंबर की रात करीब 1:42 से 1:48 बजे के बीच तीन युवक मंदिर में प्रवेश कर चोरी करते दिखाई दिए। इसके बाद विशेष टीम गठित कर जांच की गई और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान सलमान (20), निवासी बमोरी, थाना छबड़ा, जिला बारां, हाल आरके पुरम, कोटा; दीपक उर्फ दीपू (20), निवासी गेंता, थाना इटावा, जिला कोटा, हाल आरके पुरम; और विशाल मालवीय (19), निवासी श्रीनाथपुरम, आरके पुरम, कोटा के रूप में बताई है।
पुलिस के अनुसार, चोरी की गई चांदी की मूर्ति बरामद कर ली गई है। एएसआई सुरेश कुमार पुलिस जाप्ते के साथ आरोपियों को गांव में लेकर गए। पुलिस ने इसे आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय का संदेश देने की कार्रवाई बताया।
