नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
कोटा। कैथून थाना पुलिस ने फार्म से 11 बकरे चोरी करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से बकरों की बिक्री से प्राप्त 91,800 रुपए बरामद किए हैं। गिरफ्तार तीनों आरोपी मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के निवासी हैं। पुलिस अब मामले में आगे की जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक कोटा ग्रामीण सुजीत शंकर ने बताया कि 12 सितंबर 2026 को बकरे चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। फरियादी मिर्जा सगीर बेग पुत्र मिर्जा जब्बार बेग, निवासी आदित्य आवास कॉलोनी, बजरंग नगर, बोरखेड़ा, कोटा शहर ने कैथून थाने में शिकायत दी थी कि उनके फार्म से अज्ञात व्यक्ति 11 बकरे चोरी कर ले गए। इस पर पुलिस ने प्रकरण संख्या 354/2026, धारा 305(ए) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोहम्मद परवेज खान (38), निवासी प्रकाश का बगीचा, जूनी इंदौर; रईस खान (38), निवासी राजीव नगर, खजराना, इंदौर और मोहम्मद अयाज खान (29), निवासी तंजीम नगर, खजराना, इंदौर को गिरफ्तार किया। आरोपियों से बकरों की बिक्री के 91,800 रुपए बरामद किए गए हैं।
यह कार्रवाई संपत्ति संबंधी अपराधों में वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा के सुपरविजन, पुलिस उप अधीक्षक अरुण कुमार शर्मा के निकटतम पर्यवेक्षण तथा कैथून थाना प्रभारी मनोज सिंह सिकरवार के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक हिरालाल की विशेष भूमिका रही। टीम में हेड कांस्टेबल विजय सिंह और कांस्टेबल धनसिंह तथा जितेन्द्र भी शामिल रहे।
