कोटा। राजकीय कला कन्या महाविद्यालय, कोटा में शनिवार को एनसीसी आर्मी विंग के तत्वावधान में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की 137 एनसीसी कैडेट्स ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और स्वच्छता का संदेश दिया।
महाविद्यालय की एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. पारुल सिंह ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता अभियान के तहत श्रमदान से हुई। इसके बाद राष्ट्रीय एकता का संदेश देती जागरूकता रैली निकाली गई।
महाविद्यालय परिसर में रंगोली निर्माण, पोस्टर निर्माण और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।
प्रतियोगिताओं में कैडेट्स ने अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सीमा चौहान ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की स्मृति में वर्ष 2014 से मनाया जा रहा राष्ट्रीय एकता दिवस युवाओं के लिए विशेष महत्व रखता है। सरदार पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में एकता, सद्भाव और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देना सभी का दायित्व है।
इस दौरान महाविद्यालय के निरीक्षण के लिए आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा, जयपुर से आए डॉ. पंकज गुप्ता ने एनसीसी की विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने कैडेट्स को एकता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी 137 एनसीसी कैडेट्स ने देश में शांति, सद्भाव, एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ ली। आयोजन के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
