कोटा। मानव तस्करी विरोधी यूनिट और उद्योग नगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लापता 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को दस्तयाब कर लिया। बालिका 9 सितंबर को बिना बताए उद्योग नगर थाना क्षेत्र स्थित अपने घर से निकल गई थी, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को इसकी सूचना दी थी।
परिजनों की शिकायत के आधार पर उद्योग नगर थाना पुलिस और मानव तस्करी विरोधी यूनिट की टीम ने बालिका की तलाश शुरू की। पुलिस ने विभिन्न स्तरों पर जानकारी जुटाते हुए तलाश अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने बालिका को उद्योग नगर इलाके से दस्तयाब कर लिया। इसके बाद उसे सकुशल पुलिस संरक्षण में लिया गया। पुलिस की ओर से मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
नाबालिग बालिका के सकुशल मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। पुलिस टीम द्वारा बालिका के घर से निकलने के कारणों और इस दौरान उसके संपर्क में रहे लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
