कोटा। रामपुरा में भगवान शिव और माता पार्वती की परिक्रमा वाले गणपति को गुरुवार को 21 किलो मावे से तैयार 21 इंच ऊंचे विशाल मोदक का भोग लगाया गया। इस अवसर पर महाआरती का आयोजन किया गया। विशाल आकार के मोदक को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और इसे लेकर लोगों में उत्साह नजर आया।
समाजसेवी डॉ. दुर्गा शंकर सैनी ने बताया कि यह झांकी 25 सितंबर को आयोजित होने वाले ऐतिहासिक अनंत चतुर्दशी जुलूस में भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। उनके अनुसार, गणपति को अर्पित किया गया यह कोटा का सबसे बड़ा मोदक भोग है।
उन्होंने बताया कि झांकी में भगवान गणपति के साथ भगवान शिव और माता पार्वती की परिक्रमा को दर्शाया गया है। झांकी के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ विशेष दृश्यात्मक प्रस्तुति भी तैयार की गई है।
डॉ. सैनी ने बताया कि इससे पहले भी उनके द्वारा तैयार ‘ऑपरेशन सिंदूर’और ‘गजानंद एयरलाइंस’ की झांकियां लोगों के बीच चर्चित रही हैं। इस बार 21 किलो मावे से तैयार विशाल मोदक और विशेष झांकी को लेकर भी श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।
अनंत चतुर्दशी के जुलूस के दौरान झांकी को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। विशाल मोदक जुलूस में श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
