कोटा। कोटा में 28 दिनों के भीतर 7 प्रसुताओं की मौत के मामले सामने आने के बाद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। चिकित्सा मंत्री के निर्देश पर आरसीएच (RCH) निदेशक डॉ. रोमेल सिंह कोटा पहुंचे हैं। यहां वे कोटा संभाग के चिकित्सा अधिकारियों के साथ अहम बैठक कर रहे हैं।
बैठक में प्रसूता और मातृ स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा के साथ रेफरल व्यवस्था को मजबूत करने सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी। खास तौर पर गर्भवती महिलाओं को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने, गंभीर मामलों में त्वरित रेफरल और अस्पतालों के बीच समन्वय जैसे मुद्दों पर फोकस रहने की संभावना है।
गौरतलब है कि कोटा में बीते 28 दिनों में 7 प्रसुताओं की मौत के मामले सामने आए हैं। इन घटनाओं के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और अस्पतालों में प्रसव संबंधी व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अब विभागीय स्तर पर समीक्षा कर व्यवस्थाओं में सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं।
