कोटा। विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत गुरुवार को जिले में विभिन्न स्थानों पर 8 स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में कुल 133 यूनिट रक्त संग्रह हुआ। रक्तदान के साथ विभिन्न स्थानों पर शपथ ग्रहण कार्यक्रम भी आयोजित किए गए और रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
सीएमएचओ डॉ. नरेंद्र नागर ने बताया कि सबसे अधिक 40 यूनिट रक्त कोटा ब्लड बैंक सोसायटी, बसंत विहार में संग्रह किया गया। इसके बाद रामगंजमंडी जिला चिकित्सालय में 36 यूनिट, अपना ब्लड सेंटर तलवंडी में 17 यूनिट, न्यू मेडिकल कॉलेज एवं एजी हॉस्पिटल नयापुरा में 8 यूनिट, श्रीकृष्णा एजुकेशन कैंपस नयानोहरा में 6 यूनिट, सीएचसी दादाबाड़ी में 2 यूनिट और सुधा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में 1 यूनिट रक्त संग्रह हुआ।
अशोक वाडिया ने 23वीं बार किया रक्तदान
रामगंजमंडी निवासी अशोक वाडिया ने 23वीं बार रक्तदान कर लोगों के लिए प्रेरणा का उदाहरण पेश किया। नियमित रक्तदान के जरिए उन्होंने समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर शिविरों में रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए नियमित रक्तदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
सीएमएचओ ने बताया कि सीएचसी और पीएचसी स्तर पर भी रक्तदान एवं जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वैच्छिक रक्तदान से जुड़ सकें।
