नागरिक अभिव्यक्ति | कोटा
मारपीट के मामले में परिवादी और उसके परिजनों के नाम हटाने की एवज में रिश्वत लेने के आरोप में एसीबी ने भीमगंजमंडी थाने के एएसआई रविंद्र सिंह यादव को गिरफ्तार किया है। कोटा एसीबी की इंटेलिजेंस टीम ने बुधवार को नयापुरा में कोर्ट परिसर के गेट नंबर-3 के सामने मुख्य सड़क पर ट्रैप कार्रवाई की। आरोपी एएसआई को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया।
एसीबी के अनुसार, एएसआई ने मारपीट और लड़ाई-झगड़े से जुड़े एक मामले में परिवादी, उसके माता-पिता और भाई का नाम हटाने तथा मामले को रफा-दफा करने की एवज में 50 हजार रुपए मांगे थे। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने रिश्वत मांग का सत्यापन कराया। सत्यापन में आरोप सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना बनाई गई।
एसीबी के मुताबिक, आरोपी 35 हजार रुपए पहले ही ले चुका था। बाकी 15 हजार रुपए देने के लिए परिवादी बुधवार को नयापुरा स्थित कोर्ट परिसर के गेट नंबर-3 के सामने पहुंचा। जैसे ही एएसआई ने रकम ली, पहले से तैनात एसीबी टीम ने उसे पकड़ लिया।
कार्रवाई के बाद टीम आरोपी को पूछताछ के लिए ले गई। मामले से जुड़े तथ्यों और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। एसीबी की एक अन्य टीम आरोपी के घर पर तलाशी ले रही है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई जारी है।
