सांगोद, 27 सितंबर। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर की अनुशंसा पर सांगोद विधानसभा क्षेत्र में कोटा कृषि उपज मंडी समिति (अनाज) के अंतर्गत आने वाली 9 प्रमुख संपर्क सड़कों के नवीनीकरण के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। कृषि विपणन विभाग, जयपुर की ओर से इन सड़कों के कायाकल्प के लिए कुल 4.37 करोड़ रुपए से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्र में किसानों, व्यापारियों और आमजन के लिए आवागमन सुगम होने की उम्मीद है।
जारी स्वीकृति के अनुसार क्षेत्र में कुल 15.65 किलोमीटर लंबी 9 सड़कों का जीर्णोद्धार एवं नवीनीकरण किया जाएगा। इनमें कनवास-सांगोद रोड से बाछीहेड़ा माइनर होते हुए पंचायत हिंगोनिया-कैशोली रोड के 1 किलोमीटर हिस्से के लिए 27.50 लाख रुपए, ग्राम खड़ीपुर पंचायत देवली से आमली सड़क के 1.20 किलोमीटर हिस्से के लिए 33 लाख रुपए तथा ग्राम खरकनाखेड़ी से मुख्य मार्ग सड़क के 2.25 किलोमीटर हिस्से के लिए 61.88 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
इसी क्रम में बपावर-खानपुर रोड से चतरपुरा वाया रैगर बस्ती ग्राम मोई कलां सड़क के 0.75 किलोमीटर हिस्से के लिए 20.63 लाख रुपए, मोतीकुवां से सरोला सड़क के 3 किलोमीटर हिस्से के लिए 82.50 लाख रुपए, मुख्य मार्ग पीसाहेड़ा खजूरी से खंडगांव सड़क के 2 किलोमीटर हिस्से के लिए 55 लाख रुपए तथा मुख्य मार्ग चरेल से बहलावन सड़क के 2.30 किलोमीटर हिस्से के नवीनीकरण के लिए 63.25 लाख रुपए स्वीकृत हुए हैं।
इसके अलावा मुख्य मार्ग सिमलिया-कल्याणपुरा सड़क के 2.70 किलोमीटर हिस्से के लिए 74.25 लाख रुपए और सुहाना से हनुमान मंदिर सड़क के 0.70 किलोमीटर हिस्से के लिए 19.25 लाख रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है।
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि ग्रामीण ढांचागत विकास और सड़कों की बेहतर स्थिति सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से जर्जर इन सड़कों के नवीनीकरण से क्षेत्र के दर्जनों गांवों का संपर्क बेहतर होगा। साथ ही कृषि उपज मंडी में फसल बेचने आने वाले किसानों को परिवहन में राहत मिलेगी।
उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
