कोटा। आगामी अनंत चतुर्दशी पर्व को लेकर नगर निगम ने प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्थाओं को सुगम और पर्यावरण अनुकूल बनाने की तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने भीतरिया कुंड और मौजी बाबा गुफा क्षेत्र का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। दोनों स्थानों पर छोटी-बड़ी गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए अस्थायी कुंड तैयार किए जा रहे हैं।
भीतरिया कुंड में अस्थायी पोंड तैयार
आयुक्त मेहरा ने बताया कि भीतरिया कुंड में अस्थायी पोंड (कुंड) बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। इन कुंडों में छोटी प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि भविष्य में विसर्जन व्यवस्था को और व्यवस्थित बनाने के लिए इसे स्थायी रूप देने पर भी विचार किया जाएगा। भीतरिया कुंड के पुनर्विकास कार्य देख रहे आर्किटेक्ट के सुझाव के आधार पर यहां स्थायी कुंड बनाने की योजना पर मंथन किया जाएगा, ताकि हर वर्ष अनंत चतुर्दशी पर प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।
झांकियों की आवाजाही में नहीं आएगी बाधा
आयुक्त ने भीतरिया कुंड के पुनर्विकास कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि अनंत चतुर्दशी पर निकलने वाली झांकियों और श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए मुख्य सिंहद्वार पर चल रहे निर्माण कार्य को फिलहाल रोकने के निर्देश दिए गए हैं। इससे शोभायात्रा और श्रद्धालुओं की आवाजाही में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी। पुनर्विकास परियोजना के तहत अब तक किए गए कार्य का निरीक्षण कर उसे संतोषजनक पाया गया।
मौजी बाबा गुफा पर भी बनेगा कृत्रिम कुंड
इसके बाद आयुक्त मेहरा ने **मौजी बाबा गुफा क्षेत्र** का निरीक्षण किया। यहां भी प्रतिमा विसर्जन के लिए कृत्रिम अस्थायी कुंड का निर्माण कराया जा रहा है। निगम अधिकारियों के अनुसार कुंड अगले दो दिनों में तैयार हो जाएगा। इस क्षेत्र में आने वाली प्रतिमाओं का विसर्जन इसी अस्थायी कुंड में कराया जाएगा। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
क्वालिटी कंट्रोल लैब का औचक निरीक्षण
दौरे के अंतिम चरण में आयुक्त ने नगर निगम की ओर से स्थापित क्वालिटी कंट्रोल लैब का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने लैब में रखे सीमेंट-कंक्रीट क्यूब्स की मजबूती (स्ट्रेंथ) की जांच करवाई। जांच के दौरान निर्माण सामग्री की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता संजय विजय और ए.क्यू. कुरैशी भी मौजूद रहे।
