कोटा। अनंत चतुर्दशी के पर्व पर शुक्रवार को कोटा में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। अपने संसदीय क्षेत्र के प्रवास पर आए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शोभायात्रा से पहले भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि, शुभता, सद्भाव और नई ऊर्जा की कामना की।
बिरला ने शाम 5 बजे कैथूनीपोल स्थित अपने पैतृक आवास से अनंत चतुर्दशी शोभायात्रा में शामिल होने वाले अखाड़ों का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने अखाड़ों के कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और शोभायात्रा के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं।
इस वर्ष कोटा की अनंत चतुर्दशी शोभायात्रा में पहली बार अमृतसर का सिख अखाड़ा भी शामिल हुआ। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सिख अखाड़े का शुभारंभ किया। अमृतसर से आए कलाकारों ने पारंपरिक शौर्य प्रदर्शन और हैरतअंगेज करतब प्रस्तुत किए, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
सिख अखाड़े के कलाकारों ने अपने प्रदर्शन के माध्यम से शौर्य, साहस और अनुशासन का परिचय दिया। करतबों के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। शोभायात्रा में पहली बार शामिल हुए इस अखाड़े को लेकर लोगों में विशेष आकर्षण रहा।
अनंत चतुर्दशी के अवसर पर कोटा की सड़कों पर विभिन्न अखाड़ों, झांकियों और धार्मिक आयोजनों के चलते उत्सवी माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने गणपति के जयकारों के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया। वहीं, प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा एवं व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम किए गए।
