**कोटा।** अनंत चतुर्दशी के पावन पर्व पर निकलने वाली विशाल शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर नगर निगम ने व्यवस्थाएं तेज कर दी हैं। नगर निगम आयुक्त **ओमप्रकाश मेहरा** ने मंगलवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सूरजपोल दरवाजे से शुरू होकर पूरे शोभायात्रा मार्ग का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण, विद्युत, अग्निशमन और जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने शोभायात्रा मार्ग पर ढीले और अस्त-व्यस्त विद्युत तारों को तत्काल व्यवस्थित करने, खुले विद्युत पोल पर आर्मर्ड कवर लगाने और पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बंद पड़ी लाइटों को दुरुस्त करने के साथ ही जरूरत वाले स्थानों पर अस्थायी लाइटें लगाने को भी कहा गया।
6 जोन में बांटा जाएगा शोभायात्रा मार्ग
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए शोभायात्रा मार्ग को **6 जोन** में बांटकर पूरे मार्ग पर CCTV कैमरों के माध्यम से निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही पर्याप्त संख्या में एड्रेस सिस्टम लगाने को कहा गया, ताकि शोभायात्रा के दौरान आवश्यक सूचनाएं लोगों तक आसानी से पहुंचाई जा सकें।
आयुक्त ने शोभायात्रा मार्ग के साथ विभिन्न थानों, अखाड़ा पॉइंट और संवेदनशील स्थानों पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तैनात करने के निर्देश दिए। वहीं विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा को लेकर बारहद्वारी सहित सभी घाटों पर नाव, नाविक, गोताखोर और रेस्क्यू टीम की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
कुछ स्थानों पर फायर सिलेंडर के साथ होमगार्ड जवानों की तैनाती के भी निर्देश दिए गए।
शोभायात्रा मार्ग पर चल रहे सिविल कार्यों की स्थिति की भी आयुक्त ने जानकारी ली। उन्होंने नाली निर्माण का काम मंगलवार रात तक अंतिम रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य अधिकारी को पूरे शोभायात्रा मार्ग पर व्यापक साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
सफाई और सिविल कार्यों पर भी फोकस
इसके अलावा गौशाला प्रभारी को शोभायात्रा मार्ग पर गौवंश के सुचारू प्रबंधन के निर्देश दिए गए, ताकि शोभायात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त **सृष्टि डबास और भावना सिंह**, मुख्य अभियंता **महेश चंद गोयल**, अधीक्षण अभियंता **कुलदीप प्रेमी**, मुख्य अग्निशमन अधिकारी **राकेश व्यास**, स्वास्थ्य अधिकारी **मोतीलाल चौधरी** सहित नगर निगम के विभिन्न अनुभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
