कोटा। शहर के अनंतपुरा थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल के बाहर छात्र पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। स्कूल की छुट्टी होने के बाद बाहर निकले छात्र फरदीन पर एक युवक ने पुरानी रंजिश के चलते चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, फरदीन स्कूल परिसर से बाहर निकल ही रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाकर बैठे आरोपी ने उसे रोक लिया और चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने छात्र के शरीर पर कई वार किए। हमले में फरदीन गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने घटना के बाद पुलिस को सूचना दी और घायल छात्र को उपचार के लिए न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में छात्र का उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही अनंतपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल छात्र और उसके परिजनों से भी घटना की जानकारी ली।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में वारदात के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। हालांकि, हमले के वास्तविक कारणों और आरोपी की पहचान को लेकर पुलिस जांच कर रही है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपी तक जल्द पहुंचा जा सके। घटना के बाद स्कूल और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर भी पुलिस ने जानकारी जुटाई है।
