नागरिक अभिव्यक्ति @ कोटा
कोटा शहर परियोजना के लक्कीबुर्ज स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर रविवार को आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें महिलाओं, बच्चों और अभिभावकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में गोद भराई और सम्मान समारोह भी हुआ।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा राजस्थान की प्रदेश महामंत्री सुनीता व्यास थीं। पूर्व पार्षद शानू कश्यप, महिला मोर्चा छावनी मंडल अध्यक्ष गायत्री शर्मा, भाजपा जिला आईटी संयोजक मोनिका माहेश्वरी और मंडल महिला प्रमुख पदमा दीक्षित सहित जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा सहयोगिनियों के योगदान को सराहा गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका को तुलसी का पौधा तथा प्रधानमंत्री का संदेश भेंट कर सम्मानित किया गया।
आयोजकों ने आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका को बच्चों की देखभाल तक सीमित न रखते हुए पोषण, स्वास्थ्य, सीखने और रचनात्मक विकास से जोड़ने पर जोर दिया। बच्चों के लिए चित्रकला, खेलकूद और रंगोली जैसी गतिविधियां कराई गईं। प्रतियोगिताओं के जरिए बच्चों की प्रतिभा को सामने लाने का प्रयास किया गया।
माताओं और अभिभावकों से बच्चों के संतुलित पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता पर संवाद किया गया। उन्हें आंगनबाड़ी केंद्रों पर उपलब्ध सेवाओं और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान नए लाभार्थियों का पंजीकरण भी किया गया।
पोषण अभियान, लाडो प्रोत्साहन योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित अन्य योजनाओं से पात्र परिवारों को जोड़ने के बारे में भी बताया गया। आयोजकों ने कहा कि इन योजनाओं की जानकारी परिवारों तक पहुंचाने और पात्र लोगों को लाभ दिलाने में आंगनबाड़ी केंद्रों की अहम भूमिका है।
