कोटा। आर्य समाज गायत्री विहार की ओर से 8 नवंबर को दीपावली के दिन महर्षि दयानंद सरस्वती निर्वाण दिवस एवं शारदीय नवसस्येष्टि पर्व का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर आर्य समाज के प्रतिनिधिमंडल ने महापौर अनुसुईया गोस्वामी से मुलाकात कर उन्हें निमंत्रण पत्र सौंपा और कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया। इस दौरान महापौर ने कार्यक्रम के पत्रक का विमोचन भी किया।
प्रतिनिधिमंडल ने महापौर को आर्य समाज की ओर से समाज सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने कहा कि आर्य समाज ने देश में विभिन्न सामाजिक कुरीतियों को दूर करने और लोगों को सद्मार्ग दिखाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आर्य समाज के कार्य और उद्देश्य सराहनीय हैं।
इस अवसर पर आर्य समाज गायत्री विहार की प्रधान डॉ. सुदेश आहूजा, डॉ. वेद प्रकाश गुप्ता, मीडिया प्रभारी मुकेश चड्डा, कोषाध्यक्ष द्वारका प्रसाद भार्गव, यशवंत सिंह, धर्मेंद्र आहूजा, प्रमोद गुप्ता, युवराज तेज, राधावल्लभ राठौर, जयप्रकाश श्रीवास्तव और कुंदन अरोड़ा सहित आर्य समाज के सदस्य उपस्थित रहे।
