कोटा। जेके लोन अस्पताल तिराहे के पास ऑटो चालक मुजाहिद अंसारी की चाकू मारकर हत्या के मामले में नयापुरा थाना पुलिस ने आरोपी सराफात हुसैन अब्बासी को गिरफ्तार किया है। नेहरू नगर निवासी आरोपी भी ऑटो चालक है। पुलिस के अनुसार, ऑटो अड़ने की मामूली बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था।
पुलिस ने बताया कि कहासुनी के दौरान आरोपी ने मुजाहिद के सीने में चाकू घोंप दिया और मौके से फरार हो गया। हमले में मुजाहिद की मौत हो गई। वारदात के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
मुजाहिद के शव का एक दिन पहले पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया था। नयापुरा थाना पुलिस वारदात की परिस्थितियों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।
