कोटा। आंवली रोजड़ी इलाके में एक घर में भारी-भरकम ब्लैक कोबरा घुसने से परिवार में हड़कंप मच गया। घर में सांप को देखकर परिजन दहशत में आ गए। उन्होंने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बताया जा रहा है कि कोबरा चूहे का शिकार करने के लिए घर में घुसा था और अंदर ही किसी जगह छिप गया।
सूचना पर स्नेक कैचर गोविंद शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने काफी मशक्कत के बाद घर में छिपे भारी-भरकम ब्लैक कोबरा को सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके बाद उसे लाडपुरा के जंगल में प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया गया। कोबरा के पकड़े जाने के बाद परिवार और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।
मौसम में बदलाव के साथ ही शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में कोबरा सहित अन्य वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ रही है। ऐसे में घरों और आबादी वाले क्षेत्रों में सांप दिखाई देने पर खुद उसे पकड़ने या भगाने का प्रयास करने के बजाय विशेषज्ञों की मदद लेना जरूरी है।
