नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
कोटा ग्रामीण के अयाना थाना क्षेत्र के कजलिया गांव में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने ढाई माह बाद खुलासा करते हुए उसके 73 वर्षीय पति चुन्नीलाल माली को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर धारदार हथियार से पत्नी की हत्या करने के बाद वारदात को लूट का रूप देने के लिए अपने सिर पर भी हमला किया। इसके बाद वह कई दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहा और बयान बदलकर पुलिस को गुमराह करता रहा।
पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि जांच के दौरान घटनास्थल के हालात संदिग्ध पाए गए। वारदात की रात से सुबह तक घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। सुबह दूधवाले के आवाज देने पर चुन्नीलाल ने ही दरवाजा खोला। पुलिस के अनुसार, यदि कोई बाहरी व्यक्ति वारदात को अंजाम देकर निकलता, तो उसके मुख्य दरवाजे से बाहर जाने की संभावना की भी जांच की गई। मकान की छत, चद्दर और कोल्हू पर किसी बाहरी व्यक्ति के दीवार फांदकर आने-जाने या टूट-फूट के निशान नहीं मिले।
पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के विश्लेषण और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इन तथ्यों के आधार पर पति की भूमिका सामने आने का दावा करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया। फिलहाल अयाना थाना पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगा।
