कोटा/सांगोद। किसानों के खेतों में लगी सोलर प्लेट, झटका मशीन और बैटरी चोरी करने के मामले में बपावरकलां थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया है। आरोपी से क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है
पुलिस अधीक्षक कोटा ग्रामीण सुजीत शंकर ने बताया कि 6 अक्टूबर को धांसखेड़ा निवासी एक व्यक्ति ने बपावरकलां थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवादी ने बताया कि जंगली जानवरों से फसल की सुरक्षा के लिए उसके खेत में सौर ऊर्जा से चलने वाली झटका मशीन लगी हुई थी। सुबह करीब 6 बजे खेत पर पहुंचने पर सोलर प्लेट, झटका मशीन सहित अन्य सामान गायब मिला। आसपास तलाश करने के बावजूद सामान का पता नहीं चला।
इस पर पुलिस ने प्रकरण संख्या 150/2026 दर्ज कर धारा 303(2) बीएनएस के तहत जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक नरेंद्र जैन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर तकनीकी साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की गई और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी गई।
जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने बाबूलाल पुत्र कालूलाल मीणा (36) निवासी धांसखेड़ा, थाना बपावरकलां को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने 5 अक्टूबर को धांसखेड़ा क्षेत्र के एक खेत से सोलर प्लेट और झटका मशीन चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद कर लिया।
अन्य चोरी की वारदातों के खुलासे की उम्मीद
पुलिस आरोपी से क्षेत्र में किसानों के खेतों से सोलर प्लेट, झटका मशीन और बैटरी चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी सुरेश कुमार मीणा, एएसआई गिरिराज नागर, हेड कांस्टेबल द्वारका प्रसाद, कांस्टेबल जयराम, भूपेंद्र, सूचना प्रभारी शम्भु सिंह और कमल गौड़ शामिल रहे।
