कोटा। आरकेपुरम थाना क्षेत्र में बीसी के नाम पर लोगों से रकम जमा करवाकर वापस नहीं लौटाने का मामला सामने आया है। केशवपुरा निवासी जितेंद्र पालीवाल की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। शिकायत में करीब 500 से 1000 लोगों से 8 से 10 करोड़ रुपए तक लिए जाने की आशंका जताई गई है। हालांकि प्रभावित लोगों की संख्या और रकम की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
शिकायत के मुताबिक, आरकेपुरम मुक्तिधाम के पीछे रहने वाले कृष्ण मुरारी माहेश्वरी अलग-अलग बीसी संचालित करते हैं। इनमें लोगों से उनकी क्षमता के अनुसार हर महीने करीब दो से पांच हजार रुपए जमा करवाए जाते थे। आरोप है कि बीसी की अवधि पूरी होने के बावजूद कई लोगों को उनकी जमा राशि वापस नहीं मिली।
रकम मांगने पर टालमटोल का आरोप
शिकायतकर्ता का कहना है कि रकम वापस मांगने पर पहले टालमटोल की गई। बाद में फोन उठाना भी बंद कर दिया गया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की।
दस्तावेजों से वास्तविक रकम पता लगाने की मांग
पालीवाल ने पुलिस से संबंधित बैंक लेन-देन, रसीदों, डायरी और अन्य दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की है, ताकि जमा कराई गई वास्तविक रकम और प्रभावित लोगों की संख्या का पता चल सके। शिकायत में बताए गए करोड़ों रुपए और सैकड़ों लोगों से जुड़े दावे फिलहाल आरोपों पर आधारित हैं। एफआईआर दर्ज होने के बाद अब जांच में लेन-देन की स्थिति स्पष्ट होगी।
