कोटा। भामाशाह अनाज मंडी में सोमवार, 12 अक्टूबर 2026 से विभिन्न कृषि जिंसों की नीलामी के समय और स्थान में बदलाव किया जाएगा। मंडी में नीलामी और आवागमन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिंसवार नीलामी स्थलों का निर्धारण किया गया है। नई व्यवस्था के तहत लहसुन, सोयाबीन, गेहूं, ज्वार, बाजरा, चना, धान, धनिया, सरसों, उड़द और मक्का की नीलामी निर्धारित समय और स्थान पर होगी।
मंडी की ओर से जारी सूचना में किसानों, व्यापारियों और संबंधित लोगों से नई व्यवस्था के अनुसार सहयोग करने की अपील की गई है। सूचना भामाशाह अनाज मंडी के महामंत्री महेश खंडेलवाल ने जारी की है।
किस जिंस की नीलामी कब और कहां होगी
- लहसुन: सुबह 10 बजे खंभा नंबर 52 से नीलामी शुरू होगी। अगले दिन खंभा नंबर 68 से नीलामी शुरू होगी। इसके बाद प्रतिदिन इसी क्रम का पालन किया जाएगा।
- सोयाबीन: सुबह 10 बजे डी ब्लॉक से नीलामी शुरू होगी। इसके बाद निर्धारित मार्ग से ए-16 के पीछे वाले शेड में नीलामी होगी। अगले दिन राठौड़ चौराहे से बीए-5 के सामने वाले मार्ग से राहुल पटान की ओर नीलामी शुरू होगी। दोनों व्यवस्थाएं बारी-बारी से चलेंगी।
- गेहूं: सुबह 11:30 बजे नए छोटे लहसुन टीन शेड से नीलामी शुरू होकर लहसुन पटान पर होगी।
- ज्वार, बाजरा, तिल्ली, अलसी, कलौंजी, मूंग और मैथी: सुबह 11:30 बजे रेलवे टीन शेड में बीए-4 के पीछे से नीचे की ओर नीलामी शुरू होगी।
- चना: दोपहर 12 बजे पीबी-27 के सामने वाले रेलवे टीन शेड से नीचे की ओर नीलामी होगी।
- धान: दोपहर 12:15 बजे नीलामी शुरू होगी। इसके लिए यार्ड नंबर दो और यार्ड नंबर एक में बारी-बारी से निर्धारित मार्गों पर व्यवस्था की गई है।
- धनिया: दोपहर 12:30 बजे टंकी पटान वाले टीन शेड से नीलामी शुरू होगी।
- सरसों: दोपहर 1 बजे बी-37 के पीछे वाले रेलवे टीन शेड से नीलामी शुरू होगी।
- उड़द: दोपहर 1:30 बजे एक दिन बी-56 के पीछे वाले रेलवे टीन शेड से ऊपर की ओर और अगले दिन बी-100 के पीछे से नीचे की ओर नीलामी होगी।
- मक्का: दोपहर 2 बजे ए-28 के सामने वाले मार्ग से टीन शेड में और इसके बाद कैंटीन नंबर दो के पटान पर नीलामी शुरू होगी।
मुख्य चौराहों पर नीलामी प्रतिबंधित
मंडी प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि सभी मुख्य चौराहों पर माल की नीलामी नहीं होगी। गेट नंबर एक से गेट नंबर दो तक पूरा रिंग रोड, गोल चौराहे से ए-1 तक एक तरफ का पूरा मार्ग और गोल चौराहे से लहसुन डोम की ओर जाने वाला एक मार्ग आवागमन के लिए खाली रखा जाएगा।
टीन शेड के बाहर सड़क पर खाली हुए उड़द की नीलामी भी प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा नए छोटे लहसुन शेड में गेहूं की नीलामी प्रस्तावित होने के कारण वहां रखी गई थप्पियों को तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा नहीं करने पर मंडी समिति की ओर से कार्रवाई की जा सकती है।
व्यवस्था बनाए रखने की अपील
नई व्यवस्था का उद्देश्य मंडी में जिंसों की नीलामी को निर्धारित स्थानों पर संचालित करना और आवागमन के रास्तों को बाधामुक्त रखना है। मंडी समिति ने किसानों और व्यापारियों से निर्धारित समय व स्थान का पालन करने तथा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
