कोटा, 18 सितंबर। भारतीय किसान संघ कोटा महानगर की ओर से शुक्रवार को बलराम जयंती समारोह श्री बलदाऊ भवन, चंद्रेशल रोड, कालातालाव में आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष बृजराज नागर ने की। कार्यक्रम में कोटा संभाग अध्यक्ष गिरिराज चौधरी मुख्य अतिथि रहे। प्रदेश महिला प्रमुख रमा शर्मा, प्रांत प्रचार प्रमुख आशीष मेहता, जिलाध्यक्ष जगदीश कलमंडा और कोटा संभाग महिला प्रमुख संतोष नागर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत संगठन ध्वज फहराने, भगवान बलराम और भारत माता के पूजन तथा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘जय बलराम’ और ‘देश के हम भंडार भरेंगे, पर कीमत पूरी लेंगे’ जैसे नारों के साथ उत्साह जताया। कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यालय मंत्री महावीर नागर ने किया।
भगवान बलराम के कृषि योगदान पर चर्चा
पहले सत्र में जिला मंत्री रूपनारायण यादव ने कृषि क्षेत्र में भगवान बलराम के ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला। प्रांत प्रचार प्रमुख आशीष मेहता ने कार्यकर्ताओं को संगठन के प्रति उनके कर्तव्यों और भूमिका की जानकारी दी।
दूसरे सत्र में संभाग अध्यक्ष गिरिराज चौधरी ने संगठन के आगामी विस्तारक अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि दिसंबर में जिले के सभी 879 गांवों में कम से कम 100 किसान सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए ग्राम पंचायत स्तर पर प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे। उन्होंने भारतीय किसान संघ को किसानों का गैर-राजनीतिक संगठन बताते हुए किसानों की संगठित शक्ति को मजबूत करने पर जोर दिया।
प्रदेश महिला प्रमुख रमा शर्मा ने 30 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले महिला कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की। वहीं जिलाध्यक्ष जगदीश कलमंडा ने किसानों से स्वावलंबन और संगठन को मजबूत करने के लिए प्रतिदिन एक घंटा संगठन को देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि 25 सितंबर तक बलराम जयंती को सात दिवसीय अभियान के रूप में मनाया जाएगा। साथ ही संगठन के आगामी स्वर्ण जयंती वर्ष को ध्यान में रखते हुए हर गांव में समिति गठित करने की बात कही गई।
कार्यक्रम का समापन भगवान बलराम की भव्य महाआरती के साथ हुआ।
