नागरिक अभिव्यक्ति @ कोटा
कोटा। शहर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह बाइक और स्कूटी की आमने-सामने की टक्कर में 33 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा रायपुर पेट्रोल पंप के पास करीब 11:30 बजे हुआ। मृतक की पहचान बारां निवासी गोपाल बैरवा के रूप में हुई है। वह कोटा में जेसीबी ऑपरेटर का काम करता था और मशीन के औजारों से संबंधित सामान लेने शहर जा रहा था। हादसे के बाद उसे एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भाई राजकुमार ने बताया कि गोपाल पिछले डेढ़ साल से पत्नी और बच्चों के साथ कोटा के रायपुरा इलाके में रह रहा था। वह 50 बीघा जमीन पर चल रही साइट पर जेसीबी चलाता था। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे वह मशीन का सामान लेने बाइक से शहर के लिए निकला था। इसी दौरान रायपुर पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही स्कूटी से उसकी बाइक टकरा गई। टक्कर के बाद गोपाल सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
दो बेटे और तीन बेटियों का पिता था गोपाल
हादसे की सूचना पर पुलिस और स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से घायल गोपाल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। गोपाल के परिवार में दो बेटे और तीन बेटियां हैं। उसका सबसे बड़ा बेटा 10 साल का है। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन कोटा पहुंचे।
उद्योग नगर थाने के एएसआई कंवर सिंह ने बताया कि बाइक और स्कूटी की टक्कर में युवक की मौत हुई है। पुलिस ने मंगलवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। बुधवार को एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
