कोटा। भाजपा ने कोटा में महापौर पद के लिए वार्ड 98 की पार्षद अनुसुइया गोस्वामी को प्रत्याशी घोषित किया है। नाम की घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया।
गोस्वामी के निवास और स्थानीय पार्टी कार्यालय पर समर्थक जुटने लगे। ढोल-नगाड़ों की थाप पर कार्यकर्ता नाचते-गाते नजर आए। इस दौरान गोस्वामी को बधाई देने का सिलसिला चलता रहा। कार्यकर्ताओं ने उनके चयन को जमीनी कार्यकर्ता का सम्मान बताया।
महापौर प्रत्याशी बनाए जाने पर गोस्वामी ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कोटा के विकास और जनसेवा के लिए काम करने का संकल्प व्यक्त किया। घोषणा के बाद समर्थकों में महापौर चुनाव को लेकर उत्साह दिखाई दिया।
