कोटा। राजस्थान में भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान की शुरुआत कोटा से होगी।
इसके तहत 30 अक्टूबर को शहर में विशाल पदयात्रा निकाली जाएगी। इसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ शामिल होंगे। भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने प्रेसवार्ता में कार्यक्रम की जानकारी दी और पार्टी कार्यकर्ताओं से आयोजन की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
राकेश जैन के अनुसार, पदयात्रा 30 अक्टूबर को शाम 4 बजे सेवन वंडर्स पार्क से शुरू होगी। यहां से यात्रा कोटड़ी सर्किल और गुमानपुरा होते हुए छावनी पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा। पार्टी की ओर से पदयात्रा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।
कांग्रेस पर लगाए आरोप
प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने कांग्रेस पर झूठा नैरेटिव फैलाने और अराजकता बढ़ाने के प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पार्टी ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के जरिए अपनी बात जनता तक पहुंचाएगी।
भाजपा ने कार्यकर्ताओं से हर वार्ड में घर-घर जाकर लोगों को पीले चावल देकर पदयात्रा में शामिल होने का निमंत्रण देने की अपील की है। इसके जरिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क किया जाएगा।
प्रेसवार्ता में ये नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम की जानकारी देने के लिए आयोजित प्रेसवार्ता में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, विधायक संदीप शर्मा और विधायक कल्पना देवी सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
पदयात्रा को लेकर पार्टी स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। 30 अक्टूबर को होने वाले इस आयोजन में मुख्यमंत्री और प्रदेशाध्यक्ष की मौजूदगी को देखते हुए भाजपा कार्यकर्ता जनसंपर्क अभियान में जुटे हैं।
