कोटा। बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में बोरखण्डी पुलिया के निकट सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर घायल हुई महिला ने गुरुवार सुबह करीब 9 बजे एमबीएस अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
मृतका के पति बंशीलाल ने बताया कि वह दो दिन पहले अपनी पत्नी मनभर बाई के साथ मोटरसाइकिल से डाबर बमोरी में गमी में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान बोरखण्डी पुलिया के पास पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद मनभर बाई सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान गुरुवार सुबह उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर बोरखेड़ा थाना पुलिस ने शव को एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे के संबंध में जांच कर अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
